उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कई स्वास्थ्य सेवाओं का किया शुभांरभ, आशा कार्यकर्ता का मानदेय हुआ छह हजार रुपये
नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आशा सम्मेलन में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई पहलों की शुरुआत के साथ-साथ आशा कार्यकर्ता का मासिक मानदेय 3,000 से बढ़ाकर 6,000 किया गया है। उन्होंने अनमोल योजना का विस्तार, जीबी पंत अस्पताल में सोट्टो सेंटर और नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल का शुभांरभ किया। यह कार्यक्रम त्यागराज स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समावेशी विकसित भारत के विजन के अनुरूप आज दिल्ली में स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी अहम पहलों की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि हमारी फ्रंटलाइन आशा कार्यकर्तों की अहम भूमिका को देखते हुए उनके मासिक मानदेय को 3,000 से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दिया गया है। साथ ही नवजात शिशुओं की एडवांस्ड स्क्रीनिंग के लिए अनमोल योजना का विस्तार किया गया है। इसके साथ-साथ जीबी पंत अस्पताल में एक समर्पित सोट्टो सेंटर और नर्सिंग होम मैनेजमेंट के लिए एक पारदर्शी पोर्टल को भी शुभांरभ किया गया है।
उपराज्यपाल ने कहा कि टेक्नोलॉजी, मजबूत स्वास्थ्य सेवाएं और संवेदनशीलता के साथ एक स्वस्थ विकसित दिल्ली की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आशा कार्यकर्ता के लिए प्रोत्साहन राशि 3,000 से बढ़ाकर 6,000 रुपये की गई है। इससे दिल्ली की 6,690 आशा कार्यकर्ता को आर्थिक संबल मिलेगा और घर-घर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जीबी पंत अस्पताल में सोट्टो सेंटर शुरू होने से अब अंगदान और प्रत्यारोपण की पूरी प्रक्रिया में बेहतर समन्वय होगा और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर सहायता पहुंच सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनमोल योजना का विस्तार किया गया है। इसके तहत दिल्ली में नवजात शिशुओं की 56 स्वास्थ्य स्थितियों की जांच बिल्कुल नि:शुल्क की जा रही है, जिससे बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल शुरू किया गया है जिससे नर्सिंग होम से जुड़ी प्रक्रियाएं अधिक सरल, पारदर्शी और जवाबदेह बनेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

