विजेंद्र गुप्ता ने युवाओं से ‘मूल्यों पर आधारित विकसित भारत’ के निर्माण का किया आह्वान
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के पीजीडीएवी कॉलेज (प्रात) के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने युवाओं से मूल्यों पर आधारित ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। यह कार्यक्रम नेहरू नगर स्थित कॉलेज के नए सभागार में आयोजित किया गया।
विजेंद्र गुप्ता ने समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी पुरस्कृत छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल शैक्षणिक उपलब्धि का नहीं, बल्कि अनुशासन, परिश्रम और निरंतर प्रयास का प्रतीक है।
विधानसभा अध्यक्ष ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जब भारत अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब देश की जिम्मेदारी आज के युवाओं के कंधों पर होगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल उपाधियों से नहीं बन सकता, इसके लिए शिक्षा के साथ-साथ सुदृढ़ चरित्र की भी आवश्यकता है। शिक्षा हमें मार्ग दिखाती है, जबकि चरित्र उस मार्ग पर दृढ़ता से चलने की शक्ति देता है।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि पीजीडीएवी कॉलेज केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि महर्षि दयानंद सरस्वती की वैचारिक विरासत का जीवंत प्रतीक है, जिनकी ‘मूल्यों की ओर लौटने’ की प्रेरणा आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य व्यक्ति के भीतर निहित पूर्णता को अभिव्यक्त करना है, और वास्तविक शिक्षा वही है जो मनुष्य के भीतर के मानव को जागृत करे।
भारत की वैश्विक प्रगति का उल्लेख करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचकर इतिहास रचा है, डिजिटल क्रांति में एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) के माध्यम से विश्व को नई दिशा दी है, और “ऑपरेशन सिंदूर” जैसे अभियानों के माध्यम से अपनी सुरक्षा के प्रति अडिग संकल्प का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के पीछे वैज्ञानिकों की निष्ठा, सैनिकों का अनुशासन और विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवरों का समर्पण जैसे सुदृढ़ चरित्र का योगदान है।
कार्यक्रम में अजय सूरी (अध्यक्ष, प्रबंधन समिति, पीजीडीएवी कॉलेज), प्रो. संजीव कुमार तिवारी (प्राचार्य, महाराजा अग्रसेन कॉलेज) तथा प्रो. देवेंद्र कुमार (प्राचार्य, पीजीडीएवी कॉलेज) उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

