दिल्ली में मंगलवार को शुरू होगी यमुना रिवर क्रूज सेवा, केंद्रीय मंत्री सोनोवाल करेंगे उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में मंगलवार को शुरू होगी यमुना रिवर क्रूज सेवा, केंद्रीय मंत्री सोनोवाल करेंगे उद्घाटन


दिल्ली में मंगलवार को शुरू होगी यमुना रिवर क्रूज सेवा, केंद्रीय मंत्री सोनोवाल करेंगे उद्घाटन


नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में छठ महापर्व से पहले मंगलवार को ‘यमुना रिवर क्रूज सेवा का उद्घाटन केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सोनिया विहार में आयोजित कार्यक्रम में करेंगे। इस मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर और हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, सांसद मनोज तिवारी मौजूद रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री ने 26 अक्तूबर को सोनिया विहार से जगतपुर तक क्रूज सेवा का ट्रायल रन किया था। सोनिया विहार से जगतपुर तक लगभग छह किलोमीटर के जलमार्ग पर विकसित की जा रही यह क्रूज सेवा दिल्ली में पर्यटन की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। नदी के आसपास उपलब्ध सुविधाओं को विकसित करके इस क्षेत्र को दिल्लीवासियों के लिए एक आकर्षक पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल बनाया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत यात्रियों की सुविधा के लिए फूड कियोस्क, रेस्टोरेंट, बच्चों के लिए किड्स जोन और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

फिलहाल 30 यात्रियों की क्षमता वाला यह क्रूज सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक आने-जाने का पूरा सफर लगभग 35 से 45 मिनट का होगा। यात्रियों के लिए तैयार की गई व्यवस्था के अंतर्गत परिसर में प्रवेश शुल्क 50 रुपये और क्रूज की एक पूरी यात्रा का प्रस्तावित शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।

इस परियोजना में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी), सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड सहित संबंधित एजेंसियां शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story