दिल्ली लक्ष्मी योजना की स्वीकृति पर महिलाओं ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली लक्ष्मी योजना की स्वीकृति पर महिलाओं ने मुख्यमंत्री का जताया आभार


दिल्ली लक्ष्मी योजना की स्वीकृति पर महिलाओं ने मुख्यमंत्री का जताया आभार


नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली लक्ष्मी योजना के कार्यान्वयन दिशा-निर्देशों को मंजूरी दिए जाने के बाद बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने दिल्ली सचिवालय पहुंचकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उनके समर्थन में उत्साहपूर्ण नारों के साथ उनका अभिनंदन किया और इस योजना को महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय बताया। इस अवसर पर सचिवालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

महिलाओं ने कहा कि यह योजना दिल्ली की लाखों बहनों के जीवन में आर्थिक सुरक्षा और आत्मविश्वास का नया अध्याय लिखेगी। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री के साथ संवाद भी किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए धन्यवाद देते हुए उनके सफल नेतृत्व की सराहना की। मुख्यमंत्री ने भी सभी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनका नहीं, बल्कि दिल्ली की प्रत्येक महिला की आकांक्षाओं और विश्वास का सम्मान है। दिल्ली सरकार ने जो वादा महिलाओं से किया था, उसे पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने वाली योजना नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने का व्यापक प्रयास है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र महिला तक योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता और सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचाना है। उन्होंने यह भी बताया कि 1 अगस्त से दिल्ली लक्ष्मी योजना का पोर्टल प्रारंभ होगा, जिसके माध्यम से पात्र महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पात्रता सत्यापन एवं स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद रक्षाबंधन के अवसर पर प्रथम चरण की लाभार्थी महिलाओं को पहली किस्त प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी महिलाओं के कल्याण से जुड़े अनेक जनहितकारी निर्णय लिए जाते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story