ट्रेड फेयर में टिकट दिलाने के नाम पर महिला से ठगी, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। प्रगति मैदान में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में टिकट दिलाने के नाम पर एक महिला से ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने 400 रुपये में टिकट दिलाने का झांसा देकर महिला से क्यूआर कोड स्कैन कराया और उनके खाते से 1200 रुपये निकाल लिए। ठगी के तुरंत बाद महिला का आईफोन सिंक होकर लॉक हो गया। शिकायत मिलने पर नई दिल्ली जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर निवासी मोहम्मद फैसल (38) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक 15 नवंबर को महिला व्यापार मेले में घूमने पहुंची थीं। दोपहर करीब 1:30 बजे वह गेट नंबर चार के पास आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन टिकट खरीदने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया और 400 रुपये में टिकट उपलब्ध कराने की बात कही। आरोपी ने महिला को एक क्यूआर कोड दिया। महिला ने जैसे ही कोड स्कैन किया, उनके खाते से 1200 रुपये का भुगतान हो गया।

इसके कुछ ही देर बाद महिला का आईफोन सिंक होने लगा और वह फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकीं। उन्हें लॉगइन की असफल कोशिश का नोटिफिकेशन भी मिला। पेटीएम खाते से 1200 रुपये कटने का पता चलने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने मौके पर शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला की पहचान पर आरोपी को पकड़ लिया। इस मामले में प्रगति मैदान स्थित थाना आईआईटीएफ में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कबाड़ का काम करता है और अपने एक साथी के साथ मिलकर दिल्ली में आयोजित होने वाले बड़े आयोजनों के टिकट अनधिकृत रूप से बेचता था। उसका साथी अलग-अलग कार्यक्रमों के टिकट की व्यवस्था करता था। इसके बाद दोनों उन लोगों को टिकट बेचते थे, जिन्हें आसानी से टिकट नहीं मिल पाते थे। इसके बदले नकद या ऑनलाइन भुगतान लिया जाता था। पुलिस के अनुसार कुछ मामलों में आरोपी और उसका साथी पैसे लेने के बाद टिकट उपलब्ध नहीं कराते थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मोहम्मद फैसल पहले भी ठगी के मामले में शामिल रहा है। उसके खिलाफ नौ मई 2026 को क्राइम ब्रांच थाने में भी प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अब उसके फरार साथी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इस तरीके से अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। मामले की जांच जारी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777913 Articles

Share this story