पश्चिमी दिल्ली में 25 वार्डों में चला व्यापक स्वच्छता अभियान, तीन किलोमीटर रेलवे ट्रैक से हटाया कूड़ा

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिमी दिल्ली में 25 वार्डों में चला व्यापक स्वच्छता अभियान, तीन किलोमीटर रेलवे ट्रैक से हटाया कूड़ा


नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के “दिल्ली को कूड़े से आजादी” अभियान के तहत शुक्रवार को पश्चिमी क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता और जनभागीदारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 25 वार्डों में सफाई, सैनिटेशन और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। सफाईकर्मियों के साथ पार्षदों, वार्ड समितियों और स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की।

अभियान के तहत पश्चिमी क्षेत्र में 95 सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों तथा 28 कार्यालय परिसरों की सफाई की गई। इसके अलावा करीब 3 किलोमीटर रेलवे ट्रैक से कूड़ा हटाया गया। रेलवे ट्रैक के आसपास जमा कचरे को साफ कर संवेदनशील स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर करने का प्रयास किया गया।

एमसीडी के अनुसार, अभियान के दौरान 3.8 किलोमीटर सड़कों से अवैध पोस्टर, बैनर और अन्य डिफेसमेंट सामग्री भी हटाई गई। विद्यालयों और चिन्हित स्थानों पर फॉगिंग तथा निवारक सैनिटेशन गतिविधियां भी की गईं।

विकासपुरी में पिंक टॉयलेट की विशेष सफाई की गई। इस दौरान वॉशबेसिन, काउंटर के साथ शौचालय के आंतरिक और बाहरी हिस्सों की सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया गया। गतिविधि की समीक्षा वार्ड संख्या 97 के पार्षद सुनील चड्ढा के साथ की गई।

वहीं, शंकर गार्डन और विकासपुरी क्षेत्र में सफाईकर्मियों तथा स्थानीय निवासियों की सहभागिता से जनस्वच्छता अभियान चलाया गया। वार्ड समिति के अध्यक्ष हरीश ओबेरॉय ने फील्ड टीमों से संवाद कर स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान बैनर और प्लेकार्ड के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

वार्ड संख्या 98, सुभाष नगर में पार्षद मंजू सीता ने सफाई अभियान के दौरान सफाईकर्मियों से संवाद किया और जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों में सहभागिता की। एमसीडी के मुताबिक, इससे जनप्रतिनिधियों और फील्ड स्टाफ के बीच समन्वय को मजबूत करने में मदद मिली।

अभियान के तहत आयोजित समन्वय बैठक में स्वच्छता संदेशों, फील्ड गतिविधियों की योजना और विभिन्न हितधारकों की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा की गई। बैठक में “स्वच्छतम प्रतिज्ञा” भी ली गई।

एमसीडी का कहना है कि “दिल्ली को कूड़े से आजादी” अभियान का उद्देश्य केवल सफाई कराना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, कूड़ा-प्रवण और संवेदनशील स्थानों पर नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा जनप्रतिनिधियों, निगम कर्मचारियों और नागरिकों को एक साझा अभियान से जोड़ना है।

अभियान के तहत किए गए कार्यों की जियोटैग्ड तस्वीरों के माध्यम से निगरानी और दस्तावेजीकरण जारी रखने पर भी जोर दिया गया है। निगम ने नागरिकों से खुले में कूड़ा न डालने, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और अपने आसपास सफाई बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story