वजीरपुर में ‘गुरु सुदर्शन वाटिका’ का उद्घाटन, 16 हजार पेड़ों से संवरेगा औद्योगिक क्षेत्र
नई दिल्ली, 27 सितंबर (हि.स.)। वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र के ए-ब्लॉक स्थित मदर डेयरी पार्क में रविवार को ‘गुरु सुदर्शन वाटिका’ का उद्घाटन सांसद प्रवीण खंडेलवाल एवं विधायक पूनम भारद्वाज की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली नगर निगम शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने की। इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सभी ने सामूहिक रूप से सुना। इसके बाद ‘गुरु सुदर्शन वाटिका’ का उद्घाटन किया गया और अतिथियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पौधारोपण किया।
इस अवसर पर सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि वजीरपुर प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण लंबे समय से प्रदूषण की समस्या से प्रभावित रहा है। ऐसे क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से घने वृक्षों वाला वन तैयार करना सराहनीय एवं दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि यह हरित क्षेत्र स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। खंडेलवाल ने औद्योगिक क्षेत्र के निवासियों से हरित पहल से जुड़ने तथा पौधों की देखभाल और संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे योगेश वर्मा ने कहा कि वर्ष 2022 में इसी क्षेत्र में कूड़े के बड़े-बड़े ढेर हुआ करते थे। करीब 73 ट्रक कूड़ा हटाए जाने के बाद यहां हरित क्षेत्र विकसित करने का कार्य शुरू किया गया और अब तक लगभग 16 हजार पेड़ लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ये पेड़ आज वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र की ‘लाइफलाइन’ बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि जहां कभी कूड़े और प्रदूषण के कारण घुटन का माहौल रहता था, वहां अब हरियाली दिखाई दे रही है और स्थानीय निवासियों को इसका सकारात्मक प्रभाव महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि अधिक प्रदूषण वाले क्षेत्रों में मियावाकी पद्धति से घने हरित क्षेत्र विकसित करने की सोच पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण है और ‘गुरु सुदर्शन वाटिका’ इसी भावना को आगे बढ़ाने वाला प्रयास है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पौधारोपण कर ‘गुरु सुदर्शन वाटिका’ के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

