मंत्री इंद्राज ने प्रहलाद विहार में लगभग 45 लाख की जल पाइपलाइन परियोजना शुरू

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री इंद्राज ने प्रहलाद विहार में लगभग 45 लाख की जल पाइपलाइन परियोजना शुरू


नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने प्रहलाद विहार में लगभग 45 लाख रुपये की लागत से नई जल पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि करीब 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद पहली बार इस क्षेत्र में जल पाइपलाइन बिछाई गई है जिससे अब स्थानीय निवासियों को स्वच्छ, नियमित एवं निर्बाध जल आपूर्ति का लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हुआ है और लोगों को बड़ी राहत मिली है।

इस नई पाइप लाइन के शुरू होने से अब हजारों नागरिकों को रोजमर्रा की मूलभूत आवश्यकता के लिए बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को विशेष रूप से इसका लाभ मिलेगा जिन्हें पहले पानी की व्यवस्था के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

यह परियोजना न केवल जल आपूर्ति को सुदृढ़ करती है बल्कि क्षेत्र में समग्र विकास को भी गति प्रदान करती है। बेहतर बुनियादी सुविधाओं के माध्यम से नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आएगा और क्षेत्र अधिक व्यवस्थित एवं विकसित बनेगा।

रविंद्र इंद्राज ने कहा कि वर्षों से लंबित इस समस्या के समाधान से अब उन्हें बड़ी राहत मिली है और जीवन पहले की अपेक्षा अधिक सहज हो गया है। उन्होंने कहा कि गांव–देहात और अर्ध-शहरी क्षेत्रों का विकास उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने बताया कि सरकार लगातार ऐसे कार्य कर रही है, जिससे हर क्षेत्र में समान रूप से बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

रविंद्र इंद्राज ने कहा कि जल जैसी मूलभूत सुविधा को सुदृढ़ करना सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में निरंतर कार्य जारी रहेगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास हेतु कई नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story