मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने चिराग दिल्ली व आईआईटी दिल्ली के फ्लाईओवर का किया दौरा

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने चिराग दिल्ली व आईआईटी दिल्ली के फ्लाईओवर का किया दौरा


नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने गुरुवार को चिराग दिल्ली और आईआईटी दिल्ली के फ्लाईओवर का दौरा किया, जहां उनके नीचे की जगहों को नया रूप देने का काम चल रहा है।

प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि चिराग दिल्ली में प्रकृति और वन्यजीवों से लेकर आईआईटी में विज्ञान और तकनीक तक, सीएसआर साझेदारियों के जरिए हर जगह को एक खास थीम के साथ विकसित किया जा रहा है। जन सुरक्षा को मजबूत करने के लिए हम फ्लाईओवर के नीचे 400–500 पुलिस बूथ भी बना रहे हैं। राजधानी के हर स्थान को साफ, हरा-भरा और सुंदर बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले इन फ्लाईओवर के नीचे की जगहों पर अक्सर भिखारी और असामाजिक तत्व रहते थे, वहां बहुत गंदगी और अंधेरा होता था और चारों तरफ कूड़ा-कचरा पड़ा रहता था। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के बाद कई बड़ी राष्ट्रीय कंपनियों के साथ मिलकर उनके सीएसआर फंड का इस्तेमाल करते हुए ऐसे स्थानों को संवारा जा रहा है।

सिंह ने कहा कि हमने इन कंपनियों के साथ एमओयू साइन किए हैं, जिनमें अगले 2-3 सालों तक इन जगहों के रखरखाव की व्यवस्था भी शामिल है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि इंडियन ऑयल ने पांच फ्लाईओवर की जिम्मेदारी ली है, वे अपने आसपास के माहौल को समझ रहे हैं और हर जगह के लिए एक खास थीम तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंडियन ऑयल एक फ्लाईओवर पर 'वाइल्डलाइफ' (वन्यजीव) थीम है, जबकि दूसरे पर 'विज्ञान और तकनीक' (साइंस एंड टेक्नोलॉजी) की थीम है। हर जगह की अपनी एक अलग थीम है, ताकि जब दिल्ली के लोग बाहर निकलें, तो उन्हें अपने आसपास का माहौल सुंदर और सुखद लगे। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी और सरकार दिल्ली को सुंदर बनाने के लिए दिन-रात लगातार काम कर रही हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768952 Articles

Share this story