‘मेट्रो मंडे’ अभियान से जुड़े विजेंद्र गुप्ता, मेट्रो से दिल्ली विधानसभा पहुंचे
नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। दिल्ली सरकार के ‘मेट्रो मंडे’ अभियान के अंतर्गत दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता आज तिलक मार्ग स्थित अपने आवास से दिल्ली विधानसभा तक दिल्ली मेट्रो से यात्रा करके पहुंचे। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन से अपनी यात्रा प्रारंभ करते हुए विधानसभा अध्यक्ष गुप्ता ने यात्रियों से संवाद किया तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधनों को अपनाने के महत्व पर बल दिया। यह जानकारी एक विज्ञप्ति के जरिए दी।
विजेंद्र गुप्ता ने राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो बदली तथा वहां से विधानसभा मेट्रो स्टेशन तक यात्रा कर दिल्ली विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन संरक्षण के आह्वान से प्रेरित यह पहल नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने तथा ईंधन बचाने के लिए प्रोत्साहित करती है। यह पहल राष्ट्रीय राजधानी में सतत शहरी गतिशीलता को बढ़ावा देने, यातायात भीड़ को कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को सशक्त बनाने का भी उद्देश्य रखती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

