विहिप का कांग्रेस पर हमला, ‘उत्तम नगर हत्याकांड पर राजनीति’ का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
विहिप का कांग्रेस पर हमला, ‘उत्तम नगर हत्याकांड पर राजनीति’ का आरोप


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने होली के दौरान हुए कथित हिंसक घटनाक्रम और उत्तम नगर हत्याकांड को लेकर कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखा हमला बोला है। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता, विशेषकर राहुल गांधी, इस तरह की घटनाओं पर “राजनीति” कर रहे हैं और समाज में तनाव बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

विहिप की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में कहा गया है कि होली के दिन एक युवक की हत्या से उसका परिवार गहरे सदमे में है, लेकिन विपक्षी दल इस संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। बयान में आरोप लगाया गया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा ऐसे मामलों में “हत्यारों के प्रति सहानुभूति” दिखाने और एक खास वर्ग को भड़काने की कोशिश की जा रही है।

विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता ने कहा कि देश को जोड़ने की बात करने वाले नेता जमीन पर “जहर बोने” का काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीते दिनों कुछ कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए गए बयान समाज में उन्माद फैलाने वाले हैं, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं।

बयान में आगे कहा गया कि पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताने के बजाय “फर्जी सोशल मीडिया पोस्टों” के आधार पर राजनीति की जा रही है। विहिप ने इसे कांग्रेस की “दोहरी नीति” करार देते हुए कहा कि शांति की बात करने वाले नेता खुद माहौल बिगाड़ने में लगे हैं। विहिप ने कांग्रेस नेतृत्व से अपील की कि वह ऐसे बयानों से परहेज करे और समाज में सौहार्द बनाए रखने की दिशा में जिम्मेदारी निभाए। साथ ही संगठन ने चेतावनी दी कि इस तरह की राजनीति से देश और समाज दोनों को नुकसान पहुंचता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story