आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर रुकेंगी दो प्रमुख ट्रेनें

WhatsApp Channel Join Now
आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर रुकेंगी दो प्रमुख ट्रेनें


आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर रुकेंगी दो प्रमुख ट्रेनें


नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुरोध को स्वीकार करते हुए आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों (दिल्ली-कालका एक्सप्रेस और दिल्ली-दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस) के ठहराव को मंजूरी दी है। यह जानकारी शनिवार को दिल्ली सरकार की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में दी गई है।

विज्ञप्ति के मुताबिक, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र भेजकर बताया कि उनके द्वारा भेजे गए अनुरोध पत्र स्वीकार लिया गया है। गाड़ी संख्या 14331 दिल्ली-कालका एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 14053 दिल्ली-दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस अब आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर भी रुकेंगी।

मुख्यमंत्री ने इस निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार नागरिकों की दैनिक जरूरतों और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर इन दोनों ट्रेनों के ठहराव से उत्तर व पश्चिम दिल्ली के निवासियों का समय बचेगा और उन्हें नई दिल्ली या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन तक जाने की अतिरिक्त परेशानी से राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-कालका एक्सप्रेस के आदर्श नगर में ठहरने से कुरुक्षेत्र, चंडीगढ़ और कालका की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले पर्यटकों के लिए भी यह सुविधा अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। इसी प्रकार दिल्ली-दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस के ठहराव से कुरुक्षेत्र, फतेहगढ़ साहिब, आनंदपुर साहिब तथा हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से श्री फतेहगढ़ साहिब और श्री आनंदपुर साहिब जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों की यात्रा अब उत्तर और पश्चिम दिल्ली के लोगों के लिए पहले की तुलना में अधिक सरल और सुगम हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर इन दोनों ट्रेनों के ठहराव की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story