दिल्ली सरकार ने बिरसा मुंडा के बलिदान और संघर्ष को किया नमन
नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को सराय काले खां स्थित बांसेरा पार्क में दीपोत्सव एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली के समाज कल्याण एवं एससी-एसटी कल्याण, अन्य पिछड़ा वर्ग मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दीप प्रज्वलित कर उनके बलिदान, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि आज हम सभी को आजाद भारत में जन्म लेने और भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान व्यक्तित्व की जयंती मनाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और अस्मिता के महान प्रतीक थे। मात्र 25 वर्ष की आयु में उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए देश की स्वतंत्रता और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उन्होंने शोषित, वंचित और गरीब वर्गों के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ समाज में समरसता एवं स्वाभिमान की चेतना जागृत की। उनका जीवन आज के युवाओं के लिए भी देशभक्ति, संघर्ष और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा है।
सिंह ने कहा कि वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय जनजातीय समाज के इतिहास और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर वर्ष 2024-25 को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया गया, जिसमें देशभर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। आज जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं, वीरता और राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मान देने का राष्ट्रीय अभियान बन चुका है।
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए मंत्री सिंह ने कहा कि दिल्ली पूरे देश की आत्मा और सामूहिक सांस्कृतिक चेतना का केंद्र है। यहां जनजातीय समाज के लोग भी बड़ी संख्या में रहते हैं और उनकी संस्कृति एवं परंपराएं दिल्ली की विविधता को समृद्ध बनाती हैं। पिछले वर्ष दिल्ली में जनजातीय समाज का एक भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसने जनजातीय समुदाय की गौरवशाली उपस्थिति और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय राजधानी में विशेष पहचान दिलाई।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिरसा मुंडा की जयंती की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव जैसे आयोजन इसी सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में अनेक सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला, जबकि वर्तमान सरकार दिल्ली के पर्वों, परंपराओं और महान विभूतियों की जयंती को सम्मानपूर्वक मनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। दीपोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बिरसा मुंडा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

