सिविल लाइंस में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, एक महीने में 10 हजार से ज्यादा चालान

WhatsApp Channel Join Now
सिविल लाइंस में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, एक महीने में 10 हजार से ज्यादा चालान


सिविल लाइंस में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, एक महीने में 10 हजार से ज्यादा चालान


नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी के सिविल लाइंस ट्रैफिक सर्किल में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। ट्रैफिक पुलिस की सख्ती के चलते न केवल हजारों चालान किए गए हैं, बल्कि सड़क हादसों में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

ट्रैफिक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि मार्च महीने से शुरू हुए इस अभियान के तहत सबसे पहले कमला नगर मार्केट इलाके में 10 दिनों तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 5200 चालान किए गए और 18 वाहनों को जब्त किया गया। इसके बाद राजपुर रोड पर भी 10 दिन का विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 5500 से अधिक चालान किए गए। इन चालानों में रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना और अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन प्रमुख रूप से शामिल रहा।

इसी क्रम में बुलेवर्ड रोड पर गेट नंबर 3 और 4 के पास ऑटो चालकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष कार्रवाई की। इस दौरान करीब 700 चालान किए गए और 19 ऑटो जब्त किए गए। वहीं, डग्गामार बसों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया गया। पिछले एक महीने में 56 बसों को जब्त किया गया और करीब 1100 चालान किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, पूरे सिविल लाइंस सर्किल में बीते एक महीने के दौरान करीब 200 वाहनों को जब्त किया है। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें दो चरणों में करीब 110 हेलमेट बांटे गए।

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सख्ती और जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर देखने को मिला है। पिछले साल की तुलना में इस साल सड़क दुर्घटनाओं में करीब 32 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story