अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ट्रैफिक पुलिस का जागरूकता कार्यक्रम, 150 महिलाओं ने लिया हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ट्रैफिक पुलिस का जागरूकता कार्यक्रम, 150 महिलाओं ने लिया हिस्सा


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क में शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के बीच यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम का आयोजन सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और वैल्यू लाइफ फाउंडेशन के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) सत्यवीर कटारा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा एसीपी ट्रैफिक मुख्यालय प्रवीण कुमार, इंस्पेक्टर मंजू सिंह (टीआई/रोड सेफ्टी सेल), सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया के मार्केटिंग डिवीजन हेड सचिन बलियान और वैल्यू लाइफ फाउंडेशन की संस्थापक श्रुति अधव भी उपस्थित रहीं।

अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की भूमिका परिवार और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण होती है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में सुरक्षित और जिम्मेदार सड़क उपयोग की संस्कृति विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में करीब 150 महिलाओं ने हिस्सा लिया। जिनमें दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की महिला कर्मी, विभिन्न कॉलेजों की छात्राएं और शिक्षिकाएं शामिल थीं। इस दौरान महिलाओं को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में रोचक और इंटरैक्टिव गतिविधियों के माध्यम से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में रोड सेफ्टी क्विज, स्पिन व्हील गेम और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनके जरिए प्रतिभागियों को सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया गया।

इन गतिविधियों में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली पुलिस ऑर्केस्ट्रा बैंड ने भी प्रस्तुति दी, जिसने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। इसके अलावा प्रतिभागियों के लिए मेहंदी, सेल्फी प्वाइंट और अन्य मनोरंजक व्यवस्थाएं भी की गईं, जिससे कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल रहा। इस अवसर पर सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया के सीएसआर विंग की ओर से प्रतिभागियों को उपहार भी दिए गए। वहीं, क्विज और अन्य गतिविधियों में जीतने वाली प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story