हाफ मैराथन के चलते कल सुबह बदलेगा ट्रैफिक, इंडिया गेट के आसपास कई रास्ते रहेंगे बंद

WhatsApp Channel Join Now
हाफ मैराथन के चलते कल सुबह बदलेगा ट्रैफिक, इंडिया गेट के आसपास कई रास्ते रहेंगे बंद


नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। राजधानी में रविवार को आयोजित होने वाली हाफ मैराथन के चलते सुबह 5 बजे से 10 बजे तक इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जाएंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से इन मार्गों से बचने और यात्रा की पहले से योजना बनाने की अपील की है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, यह मैराथन मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से शुरू होकर सी-हेक्सागन, जाकिर हुसैन मार्ग, कर्तव्य पथ, मान सिंह रोड, जनपथ, अशोक रोड होते हुए फिर से नेशनल स्टेडियम पर समाप्त होगी। इस दौरान कई प्रमुख सड़कों पर यातायात आंशिक रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

इन सड़कों पर नहीं होगी पार्किंग

एडवाइजरी के मुताबिक, इंडिया गेट, मान सिंह रोड, जनपथ, कर्तव्य पथ, अशोक रोड और अकबर रोड समेत आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन को टो कर भैरों मार्ग स्थित ट्रैफिक पिट में खड़ा किया जाएगा और चालान भी किया जाएगा।

इन रास्तों से बचने की सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने अकबर रोड, अशोक रोड, सी-हेक्सागन, शाहजहां रोड, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, पुराना किला रोड, शेरशाह रोड और पंडारा रोड से बचने की सलाह दी है। इन मार्गों पर सुबह के समय भारी ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना है।

यात्रा से पहले करें योजना

आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन या एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले घर से निकलें। साथ ही, संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें। वहीं किसी भी जानकारी या सहायता के लिए लोग ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन 1095 या 011-25844444 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अपडेट्स मिलते रहेंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, नियमों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि यातायात सुचारू बना रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story