टिकरी कलां में सीएनजी भरते समय ट्रक के सिलेंडर में जोरदार धमाका, दो की मौत, चार घायल

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। मुंडका के टिकरी कलां इलाके में बुधवार शाम एक सीएनजी पंप पर गैस रीफिलिंग के दौरान ट्रक के सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि पंप और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया।

दमकल विभाग के मुताबिक, हादसा शाम करीब 3:37 बजे टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सीएनजी स्टेशन पर हुआ। बताया जा रहा है कि पंप पर सामान्य तरीके से वाहनों में सीएनजी भरी जा रही थी। इसी दौरान एक ट्रक में गैस भरने के लिए नोजल लगाया गया। रीफिलिंग की प्रक्रिया शुरू होते ही अचानक ट्रक का सीएनजी सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके के बाद पंप परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ी मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस ने भी पहुंचकर इलाके को सुरक्षित कराया।

दमकल विभाग की टीम और पुलिस ने मौके से छह घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story