हेल्थ, यूथ और डिफेंस की त्रिशक्ति मिलकर टीबी-मुक्त भारत के संकल्प को करेगी साकार : रेखा गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
हेल्थ, यूथ और डिफेंस की त्रिशक्ति मिलकर टीबी-मुक्त भारत के संकल्प को करेगी साकार : रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को भारत मंडपम में जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ (जोश) टीमों के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने टीबी-मुक्त भारत के राष्ट्रीय मिशन में युवाओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि हेल्थ, यूथ और डिफेंस की त्रिशक्ति एक साथ मिलकर इस राष्ट्रीय मिशन को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जोश टीमों के माध्यम से युवा वॉलंटियर्स, एनसीसी कैडेट्स, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर जनता के बीच जाएंगे और टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ इसके उन्मूलन के प्रयासों को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और संकल्प को इस मिशन से जोड़कर टीबी के खिलाफ लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जब युवा शक्ति और जनभागीदारी एक साथ आगे बढ़ेंगी तो देश से टीबी की जड़ों को पूरी तरह समाप्त करने के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ के संकल्प के साथ जोश टीमें देशभर में काम करेंगी और स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगी। उन्होंने सभी युवाओं से इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनकर टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज को इस बीमारी से मुक्त करने के प्रयासों में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए ‘हम करके रहेंगे’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विश्वास हमें हर चुनौती का सामना करने की ऊर्जा देता है। कुछ भी असंभव नहीं है और हर असंभव के भीतर संभव की संभावना छिपी होती है। इसी विश्वास के साथ देश को टीबी-मुक्त बनाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा। विकसित भारत का संकल्प तभी पूर्ण होगा, जब भारत स्वस्थ और समृद्ध होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story