टैक्सी चलाते-चलाते बने ड्रग्स सप्लायर, नाइजीरियाई नागरिक समेत तीन गिरफ्तार
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशे की तस्करी के आरोप में दो टैक्सी चालकों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में एक नाइजीरियाई नागरिक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 22.1 ग्राम कोकीन, 90 ग्राम हेरोइन और 15.3 ग्राम एमडीएमए बरामद की है। नशीले पदार्थों की डिलीवरी में इस्तेमाल की जा रही मारुति वैगनआर टैक्सी भी जब्त की गई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज निवासी अच्छे बाबू (25), शाहजहांपुर निवासी जाहिद (22) और नाइजीरिया के अनाम्ब्रा स्टेट के उमुनजे गांव निवासी कैजेथन चुक्वुजेक्वु (43) के रूप में हुई है। कैजेथन महरौली इलाके में किराये के कमरे में रह रहा था। दोनों भारतीय आरोपित टैक्सी चालक हैं। पुलिस का दावा है कि वे अपनी उपलब्धता के अनुसार बारी-बारी से नशीले पदार्थों की डिलीवरी करते थे।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात करीब 8:10 बजे एंटी नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली कि अच्छे बाबू अपने साथी जाहिद के साथ रिंग रोड पर कश्मीरी गेट फुट ओवरब्रिज के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर आशीष दुबे की देखरेख में टीम गठित की गई। एसीपी ऑपरेशन विशेष धत्तरवाल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर निगरानी शुरू की।
रात करीब 9:15 बजे पुलिस ने मुखबिर की निशानदेही पर अच्छे बाबू को पकड़ लिया। उसकी जानकारी के आधार पर कुछ दूरी पर कार में इंतजार कर रहे जाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 16.4 ग्राम कोकीन और 90 ग्राम हेरोइन बरामद की। नशीले पदार्थों की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही मारुति वैगनआर टैक्सी भी जब्त कर ली गई। इसके बाद कश्मीरी गेट थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर नंबर 464/26 दर्ज की गई।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान अच्छे बाबू और जाहिद ने कैजेथन के संपर्क में आने की बात बताई। उनके मुताबिक, शुरुआत में कैजेथन ने उनकी टैक्सी किराये पर ली थी। बाद में दोनों कथित तौर पर उसके कहने पर नशीले पदार्थों की डिलीवरी करने लगे।
दोनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 13 अक्टूबर को महरौली इलाके में छापा मारकर कैजेथन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से 5.7 ग्राम कोकीन और 15.3 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई। इस तरह तीनों आरोपितों से कुल 22.1 ग्राम कोकीन, 90 ग्राम हेरोइन और 15.3 ग्राम एमडीएमए बरामद की गई। पुलिस ने एमडीएमए की बरामद मात्रा को वाणिज्यिक मात्रा की श्रेणी में बताया है।
पूछताछ में अच्छे बाबू ने बताया कि वह प्रतिदिन 600 रुपये किराया देकर मारुति वैगनआर टैक्सी चलाता था। पुलिस के अनुसार, कैजेथन के संपर्क में आने के बाद उसने कथित तौर पर नशे की खेप पहुंचाने का काम शुरू किया। जाहिद भी टैक्सी चालक है और वह अच्छे बाबू के साथ मिलकर इस गतिविधि में शामिल हो गया। पुलिस का दावा है कि दोनों अपनी उपलब्धता के अनुसार डिलीवरी करते थे।
पुलिस के मुताबिक, कैजेथन ने पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2022 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था। वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी वह भारत में रह रहा था। उसने महरौली में किराये पर कमरा ले रखा था।
जांच के दौरान पुलिस को अमेका नाम के एक अन्य कथित साथी के बारे में भी जानकारी मिली है। वह भी नाइजीरियाई नागरिक बताया गया है। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन फिलहाल वह गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस अब अमेका की तलाश के साथ बरामद नशीले पदार्थों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित नेटवर्क से कितने अन्य लोग जुड़े हैं, नशीले पदार्थ कहां से लाए जाते थे और किन इलाकों में उनकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपितों की भूमिका और नशीले पदार्थों की आपूर्ति से जुड़ी पूरी कड़ी की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

