डीयू छात्रा ने बंद पड़े मॉल की आठवीं मंजिल से कूदकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 08 अगस्त (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में शनिवार को एक बंद पड़े मॉल की आठवीं मंजिल से कूदकर डीयू की 19 वर्षीय छात्रा ने खुदकुशी कर ली। मृतका की पहचान सिमरन के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वर्ष 2021 में मां की मौत के बाद से वह अवसाद में थी। पुलिस इस पहलू को घटना की वजह मानकर जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिमी हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार, शनिवार दोपहर राजौरी गार्डन थाने में तैनात हवलदार अवधेश इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें राजौरी में स्थित एक मॉल में युवती का शव पड़े होने की सूचना मिली। उन्होंने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो करीब 19-20 वर्ष की युवती का शव मिला।

पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसकी जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ। नोट में युवती ने अपनी मौत के लिए किसी अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया था। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि सिमरन दिल्ली विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वर्ष 2021 में उसकी मां की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी और अवसाद में थी। पुलिस को आशंका है कि इसी परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया होगा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी निकलवाए हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story