बच्चों ने चित्रों में उकेरा ‘मेरा भारत-एकता में विविधता’ का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
बच्चों ने चित्रों में उकेरा ‘मेरा भारत-एकता में विविधता’ का संदेश


बच्चों ने चित्रों में उकेरा ‘मेरा भारत-एकता में विविधता’ का संदेश


नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर नॉर्थ ईस्टर्न रीजन की ओर से नानकपुरा स्थित कार्यालय में बच्चों के लिए ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘मेरा भारत-एकता में विविधता’ रखा गया। बच्चों ने रंगों और कल्पना के जरिए देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और विविधता में एकता का संदेश दिया।

स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर नॉर्थ ईस्टर्न रीजन कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में मंगलवार को आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों में बांटा गया था। पहली श्रेणी में कक्षा एक से पांच, दूसरी में कक्षा छह से 10 और तीसरी श्रेणी में कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन करते हुए देश की एकता, विविधता और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े चित्र बनाए। बच्चों की पेंटिंग में देशभक्ति के साथ ही अलग-अलग संस्कृतियों और समुदायों के बीच आपसी सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला।

प्रतियोगिता के समापन पर प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को उनकी भागीदारी के लिए प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को स्वतंत्रता दिवस से जोड़ने के साथ उनमें देशभक्ति, समावेशिता और ‘एकता में विविधता’ की भावना को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम ने बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा के जरिए देश के प्रति भावनाएं व्यक्त करने का अवसर भी दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story