गुरु नानक देव का समानता व सेवा का संदेश आज भी प्रासंगिक : विजेंद्र गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
गुरु नानक देव का समानता व सेवा का संदेश आज भी प्रासंगिक : विजेंद्र गुप्ता


गुरु नानक देव का समानता व सेवा का संदेश आज भी प्रासंगिक : विजेंद्र गुप्ता


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि गुरु नानक देव की समानता, करुणा और निःस्वार्थ सेवा की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी सदियों पहले थीं। उनका संदेश हमें स्मरण कराता है कि मानवता जाति, पंथ और धर्म के सभी भेदभावों से ऊपर है तथा सच्ची आस्था का वास्तविक अर्थ दूसरों की सेवा में निहित है।

विजेंद्र गुप्ता ने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब में माथा टेका और दिल्ली तथा देश की जनता की शांति, समृद्धि एवं कल्याण के लिए अरदास की। गुप्ता ने कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाओं ने सामाजिक भेदभाव को चुनौती दी और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा एवं समानता को प्रतिष्ठित किया। उन्होंने नाम जपो, किरत करो और वंड छको के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सिद्धांत ईश्वर के स्मरण, ईमानदारी से आजीविका अर्जित करने और दूसरों के साथ मिल-बांटकर रहने की भावना पर बल देते हैं। ये सिद्धांत आज भी करुणा, आपसी सम्मान और सामूहिक उत्तरदायित्व पर आधारित समाज के निर्माण के लिए नैतिक आधार प्रदान करते हैं।

अपने दौरे के दौरान अध्यक्ष ने गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब के ऐतिहासिक महत्व को भी स्मरण किया। यह पवित्र स्थल वर्ष 1675 में शहादत के बाद गुरु तेग बहादुर के पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार की स्मृति से जुड़ा है। नौवें सिख गुरु का अंतरात्मा की स्वतंत्रता और धार्मिक आस्था की रक्षा के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास का एक अमिट अध्याय है। सिख गुरुओं की विरासत आज भी पीढ़ियों को न्याय, मानवीय गरिमा और धार्मिक सद्भाव के मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित करती है।

गुप्ता ने कहा कि गुरु नानक देव का ‘सरबत दा भला’ अर्थात सर्वजन कल्याण का संदेश सार्वभौमिक है और धार्मिक सीमाओं से परे समस्त मानवता को जोड़ता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे दया, ईमानदार आचरण और निःस्वार्थ सेवा के माध्यम से गुरु जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करें।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story