मोबाइल झपटमाराें से भिड़ी युवती, पुलिस ने किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
मोबाइल झपटमाराें से भिड़ी युवती, पुलिस ने किया सम्मानित


नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। दक्षिणी जिले के अंबेडकर नगर की रहने वाली 26 वर्षीय तनिष्का ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए मोबाइल झपटमारी की वारदात को न सिर्फ नाकाम किया, बल्कि आरोपिताें को पकड़वाकर एक मिसाल पेश की है। पुलिस ने युवती की बहादुरी से प्रभावित होकर उसे सम्मानित किया है। पुलिस के अनुसार, 19 मार्च को दोपहर करीब 3 बजे तनिष्का कालकाजी मंदिर की ओर बीआरटी रोड से जा रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार होने लगे। वारदात के बाद तनिष्का घबराने के बजाय तुरंत हरकत में आ गईं। उन्होंने पास से गुजर रहे ई-रिक्शा की मदद से बदमाशों का पीछा किया और रास्ते में मौजूद लोगों से सहयोग लेकर उन्हें घेर लिया। साहस दिखाते हुए उन्होंने अपना मोबाइल वापस ले लिया और दोनों आरोपिताें को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपिताें को हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल के अनुसार 23 मार्च को एक विशेष कार्यक्रम में तनिष्का को सम्मानित किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि तनिष्का ने न केवल बहादुरी दिखाई, बल्कि पुलिस की मदद कर अपराधियों को पकड़वाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस के मुताबिक, तनिष्का का साहस अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा है कि वे अपराध के खिलाफ डटकर खड़ी हों और जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद करें। यह घटना आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर सहयोग का भी उदाहरण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story