(लीड) नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने परीक्षा केंद्र पहुंचे शिक्षा मंत्री आशीष सूद
नई दिल्ली, 20 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पुनर्परीक्षा की तैयारियों के मद्देनजर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को सीएमश्री स्कूल पंडारा रोड का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित एसडीएम भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के बाद सूद ने बताया कि नीट की परीक्षा के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने पूरी दिल्ली में कई स्थानों पर सफल एवं सुचारु आयोजन के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने बताया कि 21 जून को आयोजित होने वाली नीट की परीक्षा के लिए दिल्ली में बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ दूर-दराज क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर लगभग 2,500 वर्ग फुट के वातानुकूलित एवं आरामदायक कूलिंग जोन बनाए गए हैं, जहां अभिभावक और विद्यार्थी परीक्षा से पूर्व आराम कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इन कूलिंग जोन में बैठने की सुविधा, पीने का साफ पानी, शिकंजी, ओआरएस उपलब्ध होगा।
सूद ने कहा कि यदि विद्यार्थी निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचते हैं तो वे भी इन कूलिंग जोन का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने ने यह भी कहा कि सरकार ने नीट की परीक्षा के लिए पूरी दिल्ली में 97 परीक्षा केंद्र बनाए हैं, जिनमें 69 सरकारी विद्यालय तथा 28 केंद्रीय विद्यालय शामिल है। इन परीक्षा केंदों के आसपास जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

