मंत्री आशीष सूद ने नीट परीक्षा केंद्र सीएम श्री स्कूल का किया दौरा
नई दिल्ली, 20 जून (हि.स.)। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की दोबारा परीक्षा से पहले शनिवार को पंडारा रोड स्थित परीक्षा केंद्र सीएम श्री स्कूल का दौरा किया।
मंत्री आशीष सूद ने यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्रालय 21 जून को होने वाली परीक्षा को बहुत सावधानी और सतर्कता के साथ आयोजित कर रहा है। दिल्ली सरकार की ओर से हमने हर परीक्षा केंद्र पर एक 'कूलिंग जोन' बनाया है ताकि भीषण गर्मी में बाहर आने वाले अभिभावकों को राहत मिल सके। इससे उन्हें आराम से समय बिताने और उनकी चिंता कम करने में भी मदद मिलेगी, क्योंकि उनमें से कई लोग इन केंद्रों तक पहुंचने के लिए दूर-दराज के इलाकों से आते हैं। दिल्ली के सभी 97 परीक्षा केंद्रों पर पर लगभग 2,000 वर्ग फुट के क्षेत्र में पानी, शिकंजी और अन्य सुविधाओं का इंतजाम किया है।
उन्होंने कहा कि वे इन इंतजामों का जायजा लेने के लिए स्थानीय एसडीएम (उप-विभागीय मजिस्ट्रेट) के साथ यहां की तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं और शाम को एक और निरीक्षण करेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आने वाले सभी अभिभावकों, खासकर दूर से आने वालों को बेहतरीन सुविधाएं मिलें। दिल्ली सरकार ओर से हम सभी छात्रों को शुभकामनाएं देते हैं और उन्हें भरोसा दिलाना चाहते हैं कि वे बिना किसी चिंता के ये परीक्षाएं दे सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

