मंत्री सूद ने की एक नई अटल कैंटीन जनता को समर्पित
नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने जनकपुरी के जेजे कॉलोनी, ओल्ड पंखा रोड स्थित मदर डेयरी के सामने बुधवार को एक नई अटल कैंटीन जनता को समर्पित की। उन्होंने कहा कि अटल कैंटीन का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण कोई भी व्यक्ति पौष्टिक भोजन से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही 5 में उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन में संतुलित एवं पौष्टिक आहार के साथ-साथ स्वच्छता और गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जा रही है।
सूद ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प तथा दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप आम नागरिकों, विशेषकर जरूरतमंद वर्ग को राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि अटल कैंटीन के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को प्रतिदिन सम्मानजनक, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा जनसेवा को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जाए।
सूद ने कहा की अटल कैंटीन आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को केवल सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि उन लोगों के लिए भी एक उपयोगी सुविधा है जो दिनभर मेहनत-मजदूरी करते हैं और जिन्हें अपने घर पर भोजन बनाने का समय नहीं मिल पाता। कई परिवारों में सुबह एक ही बार खाना बनाकर दिनभर उसी भोजन पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे लोगों के लिए अटल कैंटीन एक बड़ी राहत साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने दिल्ली के गरीब वर्ग, जेजे कॉलोनियों, झुग्गी बस्तियों और गरीब बस्तियों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देने का वादा किया है। इसी दिशा में जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का कार्य भी शुरू हो चुका है और अब उन्हें सम्मान के साथ पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की पहल भी की गई है।
सूद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार जनकल्याण की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। दिल्ली में गरीब और जरूरतमंद लोगों को सस्ता, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल कैंटीन योजना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में आज एक और नई अटल कैंटीन का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया गया।
सूद ने बताया की इससे पहले भी रविवार को यानी दो दिन पूर्व दिल्ली में 25 नई अटल कैंटीन की शुरुआत की गई थी। उस कार्यक्रम में मौजूद लोगों का कहना था कि दिल्ली सरकार द्वारा इतनी कम कीमत में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना आम जनता के लिए बहुत बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में इसी तरह लगातार नई अटल कैंटीन खोली जाएंगी, ताकि राजधानी में किसी भी गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति को भूखे पेट न सोना पड़े और हर जरूरतमंद तक सम्मानपूर्वक भोजन पहुंचाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

