मंत्री सूद ने भलस्वा ईडब्ल्यूएस आवास परियोजना का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री सूद ने भलस्वा ईडब्ल्यूएस आवास परियोजना का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने गुरुवार को भलस्वा स्थित ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आवास परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी की झुग्गी बस्तियों में रहने वाले गरीब परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का कार्य तेजी से पूरा कर रही है।

मंत्री आशीष सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के उद्देश्य से पहले से निर्मित पुराने आवासों का पुनः डिज़ाइन कर उनका विस्तार किया जा रहा है, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाया जा सके। उन्होंने परियोजना स्थल पर चल रहे विस्तार एवं मरम्मत कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया।

उल्लेखनीय है कि उन्होंने इसी वर्ष फरवरी में भी इस परियोजना का दौरा किया था और अधिकारियों को ईडब्ल्यूएस फ्लैटों के कार्पेट एरिया को बढ़ाकर उन्हें अधिक सम्मानजनक एवं सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए रहे।

मंत्री सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में इन आवासों के आकार में वृद्धि की जा रही है। करदाताओं के धन का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए पहले से निर्मित संरचनाओं का कम-से-कम चार से पांच वर्ग मीटर तक विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गरीब परिवारों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध हो।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कमरों के आकार, नई फ्लोरिंग तथा अन्य निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। इस परियोजना में 7,400 से अधिक ईडब्ल्यूएस फ्लैट शामिल हैं।

पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए मंत्री सूद ने कहा कि वर्षों तक प्रक्रियागत बाधाओं और राजनीतिक निर्णयहीनता के कारण इन आवासों का लाभ पात्र परिवारों तक नहीं पहुंच पाया। उन्होंने कहा कि अब दोषारोपण का दौर समाप्त हो चुका है और वर्तमान सरकार चरणबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से इन आवासों का आवंटन सुनिश्चित करेगी।

मंत्री सूद ने कहा कि मरम्मत का काम पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री के साथ संयुक्त अंतिम निरीक्षण किया जाएगा। मुख्यमंत्री के सुझावों के आधार पर केंद्रीय गृह मंत्री एवं वरिष्ठ नेतृत्व से अंतिम मार्गदर्शन प्राप्त कर आवंटन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में इन आवासों का विस्तार प्रधानमंत्री आवास योजना के मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। पुराने निर्मित फ्लैटों में आवश्यक बदलाव कर उन्हें आधुनिक और अधिक उपयोगी बनाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story