सोनम वांगचुक के आंदोलन को लेकर भाजपा का आआपा पर हमला
नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने जंतर-मंतर पर चल रहे अनशन और उससे जुड़े घटनाक्रम को लेकर आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत के बाद जंतर-मंतर पर जो घटनाक्रम सामने आया और जिस प्रकार आम आदमी पार्टी के नेताओं ने बयानबाजी की, उससे स्पष्ट हो गया कि यह कोई स्वतःस्फूर्त जेन-जी आंदोलन नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी की युवा शाखा का आंदोलन था।
हर्ष मल्होत्रा ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में दिल्ली पुलिस ने अनशनकारी सोनम वांगचुक की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए उन्हें जंतर-मंतर से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी लिखित सहमति से स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय देखभाल की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद अरविंद केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज और अभिजीत दिपके सहित आम आदमी पार्टी के नेताओं की बयानबाजी से आंदोलन की वास्तविकता सामने आ गई। मल्होत्रा ने कहा कि पिछले कई महीनों से अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी युवाओं को आंदोलन के लिए उकसाने का प्रयास कर रही है, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली और देश के युवा वर्ष 2009 से 2013 के आंदोलन और उसके बाद आम आदमी पार्टी के शासनकाल को भलीभांति जानते हैं, इसलिए वे अब गुमराह नहीं होंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर शुरू किए गए आंदोलन का औचित्य भी समाप्त हो चुका है, क्योंकि परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न होने के साथ उसका परिणाम भी घोषित हो चुका है और युवा इससे संतुष्ट हैं।
मल्होत्रा ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर युवाओं और अभिभावकों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील तो की, लेकिन स्वयं वहां नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल केवल आंदोलन भड़काने की राजनीति करते हैं और युवाओं की वास्तविक समस्याओं से उनका कोई सरोकार नहीं है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

