मंत्री सिरसा ने यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने को लेकर की समीक्षा
नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोमवार को ओखला में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कॉमन इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट्स (सीईटीपीएस) का निरीक्षण कर यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में अहम समीक्षा की। उन्होंने कहा कि औद्योगिक कूड़ा यमुना के प्रदूषित होने की भी एक बड़ी वजह है और सीईटीपीएस ही वो जगह हैं, जहां इस प्रदूषण को नदी में गिरने से पहले रोका जा सकता है।
सिरसा ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में सीईटीपीएस को अपग्रेड करने को लेकर पिछली सरकारों ने वादे बहुत किए, लेकिन जमीन पर कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हमारी सरकार का पूरा ध्यान इस प्रणाली को अपग्रेड करने, बेहतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और इन्हें प्रभावी तरीके से संचालित करने पर है, ताकि सीईटीपी के माध्यम से यमुना में जाने वाला पानी साफ होकर जाए।
सिरसा ने बताया कि इसी कड़ी में राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान द्वारा एक सर्वे भी कराया जा रहा है, ताकि टेक्नोलॉजी को अपग्रेड कर इन प्रणालियों को और असरदार बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि जब सीईटीपीएस सही तरीके से काम करेंगे, तभी मां यमुना को नया जीवन मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

