मंत्री सिरसा ने नई बोरवेल और भूजल निष्कर्षण नीति को लेकर की बैठक
नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को नई बोरवेल और भूजल निष्कर्षण नीति को लेकर दिल्ली सचिवालय में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता निर्देश के मुताबिक दिल्ली में पानी से जुड़ी व्यवस्थाओं को सरल और जनता के अनुकूल बनाया जाएगा।
सिरसा ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हमारी सरकार इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए नीति पर काम कर रही है ताकि लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान न होना पड़े। हमारा संकल्प दिल्ली में अवैध सिस्टम को खत्म कर हर नागरिक तक कानूनी और सुलभ तरीके से पानी की सुविधा सुनिश्चित करना है।
सिरसा ने कहा कि इस पॉलिसी में बोरवेल लगाने की प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा। अवैध बोरवेल को नियंत्रित करने और पुराने बोरवेल को भी इस नीति के दायरे में लाया जाएगा। नियमितीकरण प्राधिकरण बनाया जाएगा, जो पूरे तंत्र की निगरानी करेगा। सरकार सख्त निगरानी करेगी ताकि पानी का दुरुपयोग न हो और भूजल स्तर भी बना रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

