आआपा विपक्ष की जिम्मेदारी से भी भागी : सिरसा

WhatsApp Channel Join Now
आआपा विपक्ष की जिम्मेदारी से भी भागी : सिरसा


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने विधानसभा सत्र के दौरान महत्वपूर्ण चर्चा से बाहर बैठने के फैसले पर विपक्ष की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी जिम्मेदारी निभा नहीं रहा। दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी (आआपा) को विपक्ष में बिठाया। वो सरकार में रहते हुए 11 साल तक जिम्मेदारी से तो भागते ही रहे और अब इतनी नौटंकी करने वाली पार्टी आज विपक्ष की जिम्मेदारी से भी भाग गई है।

मंत्री सिरसा ने कहा कि विपक्ष चर्चा से इसलिए बच रहा है, क्योंकि उनके कार्यकाल से जुड़े मुद्दे सामने आ चुके हैं।

उन्होंने कहा कि कैग रिपोर्ट से तो ऐसे भागते हैं…11 साल तक तो केजरीवाल भागते रहे-कैग रिपोर्ट विधानसभा में पटल पर नहीं रखा, इससे क्या होगा? इनके सारे पाप खुल जाएंगे। हमारी सरकार अब कैग रिपोर्ट ले कर आ रही हैं, तो ये लोग विधानसभा छोड़कर भागे हैं।

उन्होंने विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष आतिशी तो वैसे भी विधानसभा नहीं आती थी, पर मैं उनसे कहना चाहता हूं, आपके भागने से आपके पाप आपका पीछा नहीं छोड़ेंगे।” पिछली बार भी प्रदूषण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा के दौरान यह लोग विधानसभा छोड़कर भाग गए थे।

मंत्री ने कहा कि बीते 11 वर्षों में जो हुआ है उसका हिसाब देना होगा। उन्होंने कहा कि 11 सालों में जो आपने दिल्ली को लूटने का काम किया, उसका हिसाब-लेखा-जोखा तो आपको देना ही पड़ेगा। पहले दिल्ली के लोगों ने सत्ता से बाहर किया है, अब विधानसभा में भी कैग रिपोर्ट पर इनसे जवाब मांगा जा रहा है।

विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “ये जो बाहर खड़े होकर आज फिर प्रो-मैक्स नौटंकी कर रहे हैं… आइए अंदर और जवाब दीजिए कैग की रिपोर्ट के ऊपर।”

मंत्री ने आगे कहा कि अब जवाबदेही तय होने का समय आ गया है। उन्होंने विभिन्न मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएसी की रिपोर्ट में शराब घोटाले की बातें सामने आई, हेल्थ घोटाले की बातें सामने आई, बिजली घोटाले की बातें सामने आई, ट्रांसपोर्ट घोटाले की बातें सामने आई, ये सभी कारण हैं कि आज ये विधानसभा छोड़कर भाग रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story