मंत्री सिरसा ने सौरभ भारद्वाज व संजीव झा को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री सिरसा ने सौरभ भारद्वाज व संजीव झा को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम


नई दिल्ली, 09 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा के जरिए सस्ता चावल खरीद को लेकर आरोप को बेबुनियाद, झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण बताया। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि इन आरोपों का मकसद साफ तौर पर मेरी छवि खराब करना है। उन्होंने कहा कि दोनों माफी मांगें या अदालत में मिलें।

सिरसा ने सौरभ भारद्वाज और संजीव झा को इन झूठे आरोपों को वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए 24 घंटे का समय दिया है। उन्होंने कहा कि अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो मैं उन दोनों के ख़िलाफ़ उचित कानूनी कार्रवाई करने और इन दुर्भावनापूर्ण हरकतों के लिए उन्हें जवाबदेह ठहराने के लिए मजबूर हो जाऊंगा।

उल्लेखनीय है कि सौरभ भारद्वाज और संजीव झा ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा पर घोटाले की साजिश का आरोप लगाया है। दोनों का कहना है कि सरकार की योजना गरीबों के लिए सस्ता चावल खरीद उसे आगे बेचकर कमाने की थी।

आआपा नेताओं ने दावा किया कि दिल्ली सरकार और असम की एक संस्था ने मिलकर फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) से सब्सिडी वाला चावल हासिल कर उसे निजी हाथों में बेचने की सुनियोजित योजना बनाई थी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत दिल्ली के गरीबों के बीच बांटने के नाम पर एफसीआई से हर सप्ताह 31 हजार मीट्रिक टन रियायती चावल की मांग की गई थी। आरोप है कि यह भारी-भरकम चावल दिल्ली के किसी भी जरूरतमंद नागरिक तक पहुंचने के बजाय सीधे हरियाणा की एक निजी कंपनी को भारी मुनाफे पर बेचा जानाा था।

आआपा नेताओं ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि इस फर्जीवाड़े से हर सप्ताह लगभग 143 करोड़ रुपये के घोटाले का खाका तैयार किया गया था। यदि यह तंत्र लगातार 3 वर्षों तक सक्रिय रहता, तो यह कुल 22 हजार करोड़ रुपये का एक विशाल संस्थागत घोटाला साबित होता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story