श्याम लाल कॉलेज के 'प्रॉस्पेक्ट 26' में 11.45 लाख रुपये प्रतिवर्ष का मिला उच्चतम पैकेज

WhatsApp Channel Join Now
श्याम लाल कॉलेज के 'प्रॉस्पेक्ट 26' में 11.45 लाख रुपये प्रतिवर्ष का मिला उच्चतम पैकेज


नई दिल्ली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के श्याम लाल कॉलेज ने अपने वार्षिक प्लेसमेंट और इंटर्नशिप मेला 'प्रॉस्पेक्ट 26' का बुधवार को आयोजन किया। जिसमें 550 से अधिक छात्रों ने भाग लिया।

श्याम लाल कॉलेज की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम में 50 से अधिक कंपनियां शामिल हुईं। जिनमें एक्सेंचर, जेनपैक्ट, केपीएमजी, एक्सिस बैंक, करियर प्लान बी, बजाज फिनसर्व, ओवेशन, इंस्प्लोर कंसल्टेंट्स, वाईकेजी एंड एसोसिएट्स, टेलीपरफॉर्मेंस, जीएससी आउटसोर्सिंग, द ओबेरॉय ग्रुप, ईजमायट्रिप, क्यूबिक हेल्थकेयर, कॉग्नोसेंटे, फ्लाई बंच सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थान शामिल रहे।

इन कंपनियों ने वित्त, परामर्श, विपणन, संचालन और व्यवसाय विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में विविध भूमिकाएं प्रदान कीं तथा कॉलेज परिसर में प्रत्यक्ष साक्षात्कार आयोजित किए।

वाणिज्य, विज्ञान और मानविकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों के स्नातक छात्रों ने प्लेसमेंट और इंटर्नशिप मेले में भाग लिया। प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों ने इंटर्नशिप के लिए भाग लिया, जबकि तृतीय और चतुर्थ वर्ष के छात्रों ने प्लेसमेंट के लिए सहभागिता की।

कंपनियों ने छात्रों को लगभग 15,000 से 20,000 रुपये प्रतिमाह औसत वजीफा के साथ इंटर्नशिप प्रदान की। साथ ही प्री-प्लेसमेंट ऑफर भी दिए। मेले का प्रमुख आकर्षण 11.45 लाख रुपये प्रतिवर्ष का उच्चतम पैकेज रहा। साथ ही कई प्रतिस्पर्धी प्रस्ताव भी दिए गए, जो कॉलेज की प्रतिभा पर भर्ती कंपनियों के मजबूत विश्वास को दर्शाता है।

यह मेला छात्रों को उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने और प्लेसमेंट तथा इंटर्नशिप के अवसरों का अन्वेषण करने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। 'प्रॉस्पेक्ट 26' ने उद्योग और शिक्षाजगत के बीच सहयोग को सुदृढ़ करने तथा छात्रों की रोजगार क्षमता को बढ़ाने के प्रति श्याम लाल कॉलेज की प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story