वीडियो गेम के झगड़े का बदला लेने के लिए चिकन शॉप पर फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में वीडियो गेम खेलने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रुप ले लिया। पुराने झगड़े का बदला लेने के लिए दो युवकों ने चिकन की दुकान पर फायरिंग कर दी। आरोपियों ने एक युवक को निशाना बनाकर गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। गोली दुकान के अंदर रखे पानी के प्लास्टिक ड्रम में जा लगी। नॉर्थ ईस्ट जिला पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दानिश उर्फ जुनैद (32) और मोहम्मद फैजान उर्फ सूचा (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। 22 नवंबर की रात करीब 10:26 बजे सुंदर नगरी के ओ-ब्लॉक स्थित कबूतर चौक के पास अल हुरैन चिकन पॉइंट पर गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को दुकान के अंदर रखे नीले प्लास्टिक ड्रम में गोली का हिस्सा और एक खाली कारतूस मिला।

जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता मोहम्मद मोहसिन (26) कबाड़ का कारोबार करता है। वह अपने साले साहिल के साथ चाय पीकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब 10:15 बजे उसे पिस्टल लेकर दो युवक अपनी ओर आते दिखाई दिए। दोनों ने उस पर हथियार तान दिए। जान बचाने के लिए मोहसिन पास की अल हुरैन चिकन पॉइंट दुकान में घुस गया। इसी दौरान एक आरोपी ने उस पर गोली चला दी। हालांकि, निशाना चूकने से गोली पानी के ड्रम में जा लगी और मोहसिन की जान बच गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। बताया गया कि 21 नवंबर को मोहसिन के छोटे भाई हुसैन और दानिश के भतीजे अनस के बीच वीडियो गेम खेलने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी विवाद के बाद दानिश मोहसिन के परिवार से नाराज था। आरोप है कि इसी रंजिश में उसने अपने साथी फैजान के साथ मिलकर मोहसिन को डराने और बदला लेने के इरादे से अगले दिन फायरिंग कर दी।

पुलिस ने 23 नवंबर को नंद नगरी थाने में हत्या के प्रयास, लापरवाही से चोट पहुंचाने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गईं। तकनीकी जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक दानिश के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, फैजान भी मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े एक मामले में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782263 Articles

Share this story