शाहदरा में चार मंजिला मकान में लगी आग, दमकल कर्मियों ने नौ लोगों को सुरक्षित निकाला

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 17 मई (हि.स.)। शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में शनिवार देर रात चार मंजिला मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में रखे घरेलू सामान में लगी थी, जिसकी वजह से पूरे भवन में धुआं भर गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अलग-अलग मंजिलों पर फंसे नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 12 बजकर 3 मिनट पर शाहदरा इलाके के डी-45, मदर डेयरी वाली गली, मानसरोवर पार्क स्थित मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तीन गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। पूरी कार्रवाई स्टेशन ऑफिसर विनोद और स्टेशन ऑफिसर सुरेंद्र की निगरानी में की गई।

अधिकारी के अनुसार दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में रखे घरेलू सामान में आग लगी हुई थी, जिससे इमारत में घना धुआं फैल गया था। मकान ग्राउंड प्लस चार मंजिला था और धुएं के कारण लोग अलग-अलग मंजिलों पर फंस गए थे। दमकल विभाग की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत पर एंबुलेंस से जीटीबी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टर मधु की निगरानी में सभी को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। दमकल अधिकारी के अनुसार दमकलकर्मियों द्वारा रेस्क्यू किए गए लोगों की पहचान वंशिका (20), तनिष्का सोनी (19), दुर्गेश (49), योगेश वर्मा (50), राजरानी (65), अरुण गर्ग (48), अनन्या (12), रेनू गर्ग (19) और प्रतीक गर्ग (19) के रूप में हुई है। दमकल विभाग ने करीब 40 मिनट में आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या घरेलू सामान में लगी चिंगारी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story