अमित शाह 22 अक्टूबर को करेंगे दिल्ली जल बोर्ड की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
अमित शाह 22 अक्टूबर को करेंगे दिल्ली जल बोर्ड की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास


नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 अक्टूबर को 8,941.22 करोड़ की लागत वाली दिल्ली जल बोर्ड की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 10 परियोजनाओं का लोकार्पण (2,827.11 करोड़) और 33 परियोजनाओं का शिलान्यास (6,114.11 करोड़) शामिल है। यह जानकारी दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने आज दिल्ली सचिवालय में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए दी।

मंत्री ने बताया कि इसमें ओखला में नया 124 एमजीडी एसटीपी (1,161 करोड़), 8 एसटीपी का उन्नयन (1,041 करोड़), बाहरी दिल्ली में 29 नए डीएसटीपी और सीवेज पंपिंग स्टेशन (3,113.67 करोड़), 1,034 किमी सीवर नेटवर्क (1,691 करोड़), चंद्रावल में 477 एमएलडी जल शोधन संयंत्र (298.3 करोड़) और 4.5 किमी लंबा मुंडका ट्रंक ड्रेन (225.02 करोड़) शामिल है। उन्होंने कहा कि सीवेज को यमुना तक पहुंचने से रोकना ही स्थायी समाधान है। सीवेज की हर बूंद एकत्र की जाएगी, शोधित की जाएगी और दोबारा इस्तेमाल होगी। यही इन 43 परियोजनाओं के पीछे का संकल्प है।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि 18 अक्टूबर को आयोजित चलो यमुना अभियान में 35,000 से अधिक नागरिकों ने वजीराबाद के सूर घाट और सिग्नेचर ब्रिज से लेकर यमुना बाजार, आईटीओ, निज़ामुद्दीन, सराय काले खां और चिल्ला तक यमुना के दोनों किनारों पर 70 स्थानों की एक साथ सफाई की। उन्होंने कहा कि रविवार की सुबह 35,000 दिल्लीवासी यमुना के किनारे खड़े थे। किसी ने उन्हें आने के लिए मजबूर नहीं किया। वे इसलिए आए क्योंकि यमुना हमारी मां है, और मां की सेवा के लिए किसी निमंत्रण की जरूरत नहीं होती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763674 Articles

Share this story