प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर दिल्ली सरकार मनाएगी ‘सेवा पखवाड़ा’

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर दिल्ली सरकार मनाएगी ‘सेवा पखवाड़ा’


प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर दिल्ली सरकार मनाएगी ‘सेवा पखवाड़ा’


नई दिल्ली, 29 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली सरकार 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाएगी। इस दौरान राजधानी को विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार इस अवधि में विभिन्न विभागों की तैयार परियोजनाओं का उद्घाटन करेगी। इनमें परिवहन, सड़क, सीवरेज, जल शोधन, शिक्षा, बिजली, सार्वजनिक सुविधाओं और शहरी सौंदर्यीकरण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं में सबसे महत्वपूर्ण बारापुला एलिवेटेड रोड (फेज-III) का उद्घाटन भी शामिल है, जिसकी लागत करीब 1,635 करोड़ रुपये है।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मनाया जाने वाला सेवा पखवाड़ा दिल्लीवासियों की सेवा और राजधानी के समग्र विकास को समर्पित है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने नरेंद्र मोदी जल्द ही संवैधानिक पद पर अपने कार्यकाल के ऐतिहासिक 25 वर्ष पूरे करने जा रहे हैं। इसलिए दिल्ली सरकार का यह सेवा पखवाड़ा इस बार विशेष होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि तैयार परियोजनाओं में बारापुला नाले पर सराय काले खां से मयूर विहार तक एलिवेटेड रोड (फेज-III) सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसके अलावा मुकरबा चौक के पास आउटर रिंग रोड पर अंडरपास तथा बादली जंक्शन से हैदरपुर मेट्रो स्टेशन तक एप्रोच रोड के निर्माण की परियोजना भी उद्घाटन के लिए तैयार है, जिसकी लागत 54.10 करोड़ रुपये है।

उन्होंने जानकारी दी कि सेवा पखवाड़े के दौरान दिल्लीवासियों को सीवरेज और जल प्रबंधन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी समर्पित की जाएंगी। इनमें बवाना के मौजूदा 20 एमजीडी जल शोधन संयंत्र में दो एमजीडी क्षमता के रीसाइक्लिंग प्लांट का निर्माण, ओखला में 564 एमएलडी क्षमता के वेस्टवाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण तथा बारापुला ड्रेन से बाटला हाउस फेज-II एसपीएस तक इंटरसेप्टर सीवर का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं के साथ बाटला हाउस फेज-II में 35 एमजीडी सीवेज पंपिंग स्टेशन और ओखला डब्ल्यूडब्ल्यूटीपी तक राइजिंग मेन का काम भी शामिल है।

इसके अलावा रिठाला फेज-I और कोंडली फेज-I, II एवं III के वेस्टवाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पुनर्वास व उन्नयन की परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा। इन जल एवं सीवरेज परियोजनाओं की कुल लागत 863.38 करोड़ रुपये है। गोकलपुर विधानसभा क्षेत्र की छूटी हुई कॉलोनियों में घरों को सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा श्रीराम कॉलोनी, राजीव नगर और सोनिया विहार के हिस्सों में सीवर लाइन बिछाने की परियोजनाएं भी इसमें शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि शिक्षा के क्षेत्र में सेवा पखवाड़े के दौरान द्वारका के सेक्टर-16 में जी+3 पक्के स्कूल भवन का उद्घाटन प्रस्तावित है। इसके अलावा ईस्ट विनोद नगर में 68 जी+3 समकक्ष एसपीएस कक्षाओं तथा रोहिणी के सेक्टर-41 में 76 समकक्ष एसपीएस कक्षाओं का निर्माण भी पूरा हो चुका है। इन तीनों परियोजनाओं की लागत क्रमशः 38.44 करोड़, 38.30 करोड़ और 66.28 करोड़ रुपये है। नागरिक सुविधाओं के तहत शालीमार बाग के एपी ब्लॉक में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण तथा फिल्मिस्तान, झंडेवालान और वीर चंद्र गढ़वाली चौक के तीन गोलचक्करों के सौंदर्यीकरण का काम भी उद्घाटन के लिए तैयार है। परिवहन क्षेत्र में बुराड़ी स्थित पुराने आईएंडसी सेंटर के पुनर्विकास से नया एटीएस तथा तेहखंड में चार लेन वाले एटीएस की स्थापना की परियोजनाएं भी शामिल हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान राजधानी के बिजली ढांचे को मजबूत करने वाली कई सब-स्टेशन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इनमें ए1-ए4 ग्रिड सब-स्टेशन, कड़कड़डूमा ईस्ट दिल्ली हब में भूमिगत सब-स्टेशन, अर्जनगढ़ और बक्करवाला में 66/11 केवी ग्रिड सब-स्टेशन तथा ओखला फेज-I, शेख सराय, बक्करवाला गांव, गुरु नानक एन्क्लेव, एम-ब्लॉक उत्तम नगर, रणहौला गांव और कालकाजी में विभिन्न क्षमता के सब-स्टेशन शामिल हैं। इन बिजली परियोजनाओं की कुल लागत 232.42 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही द्वारका के बिजवासन गांव में गोलक धाम के पास दो मंजिला सामुदायिक भवन, आर.के. पुरम के बसंत गांव में वाल्मीकि चौपाल के नवीनीकरण, मलिकपुर में सिसोदिया चौपाल के पुनर्निर्माण तथा बारापुला ड्रेन के किनारे सुरक्षा दीवार के निर्माण जैसी परियोजनाएं भी पूरी हो चुकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story