‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से, दिल्ली सरकार 13,820 करोड़ की परियोजनाओं का करेगी उद्घाटन और शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से, दिल्ली सरकार 13,820 करोड़ की परियोजनाओं का करेगी उद्घाटन और शिलान्यास


नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक दिल्ली में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत दिल्ली सरकार के सभी विभाग जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे। अभियान के दौरान दिल्ली में लगभग 13,820 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ की पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने निरंतर जनसेवा को अपना ध्येय बनाया है। उनकी कार्यशैली और सेवा के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर एक विशेष मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। दिल्ली सरकार के शिविर में एक ही दिन में 2,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, समाज कल्याण विभाग और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से दिल्ली में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करेगा। इन शिविरों के माध्यम से लगभग 25,000 वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रम विभाग दिल्ली में काम करने वाले श्रमिकों और निर्माण श्रमिकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा। अभियान के दौरान श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाएगा और उनके स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की जाएगी। श्रमिकों को सरकारी सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए उनका पंजीकरण महत्वपूर्ण है। इस अभियान के माध्यम से श्रमिकों तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अंगदान को जनसेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि दिल्ली में अंगदान को बढ़ावा देने के लिए एक आधिकारिक मंच स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन तैयार किया गया है। यह केंद्र सरकार द्वारा संचालित व्यवस्था के अनुरूप बनाया गया है। सेवा संकल्प अभियान के दौरान इस मंच का शुभारंभ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शहरी विकास विभाग और दिल्ली नगर निगम के सहयोग से दिल्ली के प्रत्येक वार्ड, विधानसभा क्षेत्र और विभिन्न स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यमुना की सफाई से जुड़ी लगभग 8,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास सेवा संकल्प अभियान के दौरान दिल्ली सरकार द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पर्यावरण विभाग द्वारा ‘स्वच्छ दिल्ली, हरित दिल्ली’ के लक्ष्य के अंतर्गत दिल्ली में 70 लाख पेड़-पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सेवा संकल्प अभियान के दौरान इस लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक वार्ड में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें चित्रकला, भाषण और रील बनाने की प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। दिल्ली के लगभग 5,000 स्कूलों के 5 लाख विद्यार्थियों को इन प्रतियोगिताओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत दिल्ली के लाभार्थी अपने-अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देंगे। उन्होंने बताया कि ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के अंतर्गत उन लाभार्थियों की वास्तविक जीवन की कहानियां सामने लाई जाएंगी, जिनके जीवन में सरकारी योजनाओं और सेवाओं से सकारात्मक परिवर्तन आया है। दिल्ली सरकार लाभार्थियों के बीच जाकर उनकी कहानियों का संकलन करेगी। इन कहानियों को वीडियो और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में 10,897 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जहां लगभग 21,350 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्यरत हैं। सेवा संकल्प अभियान के दौरान इन सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाया जाएगा। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में तीन-तीन दिन के विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली और मंडला कला के माध्यम से विशेष आयोजन किए जाएंगे। इसके साथ-साथ देशभर में ‘इनोवेशन चैलेंज’ के लिए पांच केंद्र बनाए जाएंगे। प्रत्येक राज्य इसमें भाग लेगा। दिल्ली को भी इस कार्यक्रम के लिए एक केंद्र दिया गया है। दिल्ली में आसपास के राज्यों के युवाओं को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। युवाओं के नवाचारों और नए विचारों को मंच उपलब्ध कराया जाएगा तथा उन्हें जनता के सामने प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान ‘सुशासन सेवा संवाद’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों और सुशासन से जुड़ी पहलों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story