आम आदमी पार्टी ने दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर सरकार पर साधा निशाना, कहा पात्रता के लिए कई शर्ते रखना गलत
नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली में कल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्रता शर्तों का विरोध किया।
सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली कैबिनेट ने कल एक फैसला लिया था जिसके तहत राजधानी की महिलाओं को 2500 रुपये का भत्ता देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने कई शर्तों के बाद इस योजना को मंजूरी दी थी।
आआपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के पहले तो सरकार ने जनता से वादा किया गया था कि दिल्ली लक्ष्मी योजना दिल्ली की सभी महिलाओ को दी जाएगी लेकिन सरकार अब क्या कर रही है? उन्होंने इतनी सारी शर्तें लगा दी हैं कि असल में किसी को भी यह नहीं मिल पाएगा।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली सरकार ने इस योजना के तहत पहली शर्ती रखी है कि महिला 21 साल से ऊपर और 60 साल से नीचे नही होनी चाहिए। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि वोट तो सरकार 18 साल से ऊपर सबका लेती है फिर इस योजना के लाभ के लिए उम्र की शर्ते क्यों।
भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने इस योजना को लेकर कई शर्त रखी है जिसमें महिला के पास दिल्ली में 10 साल रहने का प्रमाण, एक परिवार में एक ही महिला को इस योजना का लाभ मिलेगा, महिला के परिवार में किसी भी तरह का केस नही होना चाहिए, तीन बच्चें से ज्यादा नही होना चाहिए, एक साल के अंदर 2400 यूनिट से ज्यादा बिजली की खपत नही होनी चाहिए और इसके अलावा उसके पास राशन कार्ड होना चाहिए। उन्होंने दिल्ली लक्ष्मी योजना को मजाक बताया।
आआपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि फरवरी को दिल्ली में सरकार बने थी और दिल्ली सरकार ने 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को सभी महिलाओं के खाते में 2500 रुपये देने का वादा किया था लेकिन आज तक उनके खाते में पैसे नही डाले। उन्होंने कहा कि सरकार कभी भी इस योजना को लाभ महिलाओं को देना ही नही चाहती थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

