दिल्ली जल बोर्ड घोटाले की वजह से जेल गए सत्येंद्र जैन : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आआपा) के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन ने दिल्ली जल बोर्ड में घोटाला किया था, जिसकी वजह से वह जेल गए हैं। सभी एजेंसियां अपना काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम से अलग पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार ने सदन में 19 सीएजी रिपोर्टें रखीं, जो पिछली आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार और उसके मुखिया केजरीवाल के एक-एक घोटाले को प्रस्तुत करती थीं। सभी सीएजी रिपोर्टों पर कार्रवाई चल रही है। सत्येंद्र जैन ने जल बोर्ड में घोटाला स्कैम किया था, उसके नाते से जेल गए हैं। कार्रवाई चल रही है और एजेंसियां अपना काम कर रही हैं।
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने आज एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सत्ता जवाबदेही में देरी तो कर सकती है, लेकिन उसे खत्म नहीं कर सकती। जल बोर्ड की एसटीपी टेंडर प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों के कारण अब पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी हुई है। कुर्सी बदल सकती है, लेकिन फाइलें तो वही रहती हैं।
दिल्ली के पर्यावरण मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक्स पोस्ट करते हुए कहा कि केजरीवाल गैंग का हर विभाग में सिर्फ और सिर्फ घोटाला का ही ट्रैक रिकॉर्ड है। एसटीपी घोटाले में सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी ने साफ कर दिया है कि पैसों की जमकर बंदरबांट हुई है। एसीबी की जांच में मनी ट्रेल सामने आ गया है। केजरीवाल के लालच ने तो मां यमुना की सफाई तक का पैसा नहीं छोड़ा। उन्होंने सारा पैसा झूठे विज्ञापनों और 'शीशमहल' के ऐश-ओ-आराम में उड़ा दिया। केजरीवाल और आआपा के पापों का घड़ा भर चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

