छठ महापर्व की तैयारियों का स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
छठ महापर्व की तैयारियों का स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने लिया जायजा


नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने शनिवार को आईटीओ स्थित हाथी घाट पहुंचकर छठ महापर्व के आयोजन की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और मच्छरों की रोकथाम के लिए किए जा रहे इंतजामों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।

सत्या शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित करना निगम की जिम्मेदारी है कि उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर नियमित सफाई कराई जाए, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रहे और मच्छरों की रोकथाम के लिए दवाइयों का छिड़काव लगातार किया जाए।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और छठ पूजा समितियों से निरंतर संपर्क बनाए रखें। समितियों की ओर से मिलने वाले सुझावों और आवश्यकताओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की नियमित समीक्षा करने और पर्व से पहले सभी कार्य पूरे करने को भी कहा।

सत्या शर्मा ने बताया कि दिल्ली सरकार की ओर से इस वर्ष छठ महापर्व के आयोजन के लिए पूरी दिल्ली में लगभग 1,400 घाटों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर कृत्रिम घाट भी तैयार किए जा रहे हैं। इससे लोगों को अपने घरों के नजदीक ही छठ पूजा करने का अवसर मिलेगा और अधिक से अधिक श्रद्धालु श्रद्धा एवं उल्लास के साथ इस महापर्व में शामिल हो सकेंगे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम छठ पर्व को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। निगम के अधिकारी और कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि पर्व के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छता, रोशनी और अन्य आवश्यक सुविधाओं के मामले में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777100 Articles

Share this story