कर्दमपुरी वार्ड का निरीक्षण, स्वच्छता, नाला निर्माण और अतिक्रमण हटाने पर जोरः सत्या शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
कर्दमपुरी वार्ड का निरीक्षण, स्वच्छता, नाला निर्माण और अतिक्रमण हटाने पर जोरः सत्या शर्मा


कर्दमपुरी वार्ड का निरीक्षण, स्वच्छता, नाला निर्माण और अतिक्रमण हटाने पर जोरः सत्या शर्मा


नई दिल्ली, 04 जून (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने गुरुवार को शाहदरा नॉर्थ जोन के कर्दमपुरी वार्ड का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सत्या शर्मा ने वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था और समयबद्ध सफाई कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नियमित, प्रभावी और उच्च मानकों के अनुरूप सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

इस दौरान स्थायी समिति की अध्यक्ष ने पंडित राम नारायण वशिष्ठ मार्ग स्थित नाला संख्या-52 का भी निरीक्षण किया। नाले की स्थिति का जायजा लेने के बाद उन्होंने जोनल उपायुक्त को इसके पुनर्निर्माण हेतु विस्तृत लागत अनुमान शीघ्र तैयार कर कार्य प्रारंभ करने को कहा। साथ ही वार्ड की गलियों में स्थित छोटे नालों का निर्माण मानसून से पूर्व पूरा करने पर विशेष जोर दिया, ताकि जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने स्थानीय पार्षद को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

साथ ही सत्या शर्मा ने बाबरपुर छठ घाट का दौरा किया, जहां स्थानीय निवासियों ने अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने नागरिकों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से इनके शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने वार्ड में अतिक्रमण की समस्या पर भी सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने से न केवल नागरिकों की आवाजाही सुगम होगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण में भी सुधार आएगा।

निरीक्षण के अंत में सत्या शर्मा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दिए गए सुझावों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि कर्दमपुरी वार्ड में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद मुकेश बंसल, जोनल उपायुक्त ममता यादव तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story