स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने पूर्णिमा सेठी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने पूर्णिमा सेठी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम(एमसीडी) में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल के साथ बुधवार को कालकाजी स्थित पूर्णिमा सेठी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सत्या शर्मा ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर और डायलिसिस सुविधा का भी निरीक्षण किया।

सत्या शर्मा ने कहा कि अस्पताल में पर्याप्त स्थान और आधारभूत ढांचा उपलब्ध होने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं सीमित स्तर पर संचालित हो रही हैं। अस्पताल की क्षमता का पूरा उपयोग करते हुए यहां स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए, ताकि कालकाजी और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल को निर्देश दिए कि अस्पताल को पूरी क्षमता से संचालित करने के लिए उपलब्ध स्थान, संसाधनों और अतिरिक्त स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू करने की संभावनाओं का आकलन कर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।

सत्या शर्मा ने कहा कि नागरिकों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इस दौरान कालकाजी वार्ड पार्षद एवं दिल्ली भाजपा प्रदेश महामंत्री योगिता सिंह, दक्षिणी पूर्व वार्ड समिति की अध्यक्ष नीतू चौधरी तथा निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story