स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सदतपुर वार्ड का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सदतपुर वार्ड का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बुधवार को शाहदरा (उत्तरी) जोन के सदतपुर वार्ड का निरीक्षण किया। शर्मा ने वार्ड में सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित रूप से सफाई कार्यों की निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे क्षेत्र में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बना रहे।

शर्मा ने ार्ड में हो रहे अवैध अतिक्रमणों पर भी सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता अनुसार नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों ने भी अपनी समस्याएं बताईं। इस पर स्थायी समिति अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए। तुकमीरपुर रोड के निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खुली नालियां पाई गईं। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी खुली नालियों को शीघ्र ढका जाए, ताकि उनमें कूड़ा-कचरा न डाला जा सके और जल निकासी बाधित न हो।

आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सभी नालियों की समयबद्ध डी-सिल्टिंग कराने पर विशेष बल दिया और निर्देश दिए कि एमसीडी के अधिकार क्षेत्र की सभी नालियों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरी की जाए, ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान तुकमीरपुर रोड पर सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अंतर्गत आने वाले एक बड़े नाले का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान पाया गया कि नाले के कई हिस्सों में बाउंड्री वॉल का अभाव है तथा सफाई की आवश्यकता है।

इस संबंध में सत्या शर्मा ने आश्वासन दिया कि इस विषय को संबंधित विभाग के समक्ष उठाया जाएगा और आवश्यक समन्वय स्थापित कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं संबंधित विभाग को पत्र लिखकर आगामी मानसून से पूर्व नाले की सफाई और सुरक्षा संबंधी कार्य पूर्ण कराने का प्रयास करेंगी।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि वार्ड में स्वच्छता बनी रहे और मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

इस दौरान उनके साथ स्थानीय पार्षद नीता बिष्ट, उपायुक्त ममता यादव तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story