स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने नागरिकों से अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग से जुड़ें रहने की अपील की

WhatsApp Channel Join Now
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने नागरिकों से अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग से जुड़ें रहने की अपील की


नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मुख्यालय, सिविक सेंटर के प्रांगण में शुक्रवार को योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर निगम की इस वर्ष के योग दिवस की थीम 'योग फॉर हेल्दी एजिंग' है।

इस अवसर पर एमसीडी की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, एमसीडी में आयुष विभाग के निदेशक हरीश कश्यप एवं दिल्ली नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

योग सत्र का शुभारंभ प्रातःकाल सूर्य नमस्कार से हुआ, जिसके उपरांत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान क्रियाएं कराई गईं। इस अवसर पर स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने योगाभ्यास भी किया।

इस अवसर पर स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि वो अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग से जुड़ें एवं अपने परिवारों को भी जोड़ें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अथक प्रयासों की वजह से योग को अंतरराष्ट्रीय पटल पर ख्याति मिली है एवं विश्व के 180 से भी ज्यादा देशों में योग को नई पहचान मिली है।

सत्या शर्मा ने कहा कि योग हमारी संस्कृति एवं परंपरा से जुड़ा प्राचीन शास्त्र है। सभी रोजमर्रा की दिनचर्या का हिस्सा बना कर अपने स्वास्थ्य का अच्छे से ध्यान रख सकते हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में योग के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। उन्होंने कहा कि नगर निगम योग के प्रचार एवं प्रसार के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है एवं नागरिकों के मध्य इसे लोकप्रिय बनाने के लिए प्रयासरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story