महिला एवं छह वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या, बेड में मिले शव

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 21 फ़रवरी (हि.स.)। सरिता विहार इलाके में मां एवं उसकी छह वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव बेड के बॉक्स में बंद मिले। कमरे से दुर्गंध आने पर लोगों को घटना का पता चला। मृतकों की पहचान ज्योति (35) तथा उसकी छह वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम से स्पष्ट हुआ कि दोनों को गला दबाकर मारा गया है। पुलिस को इस मामले में बिल्डिंग में ही रहने वाले एक अकाउंटेंट की तलाश है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। कई टीमों को इस काम में लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे सरिता विहार पुलिस को सूचना मिली कि आली विहार इलाके में स्थित भीम कॉलोनी में एक घर में दो लाशें मिली हैं। तत्काल पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। वहां एक बेड के बॉक्स में छिपाई गई महिला तथा छह वर्षीय बच्ची की लाश बरामद हुईं। दोनों शवों को अस्पताल भेजकर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। क्राइम व एफएसएल टीम को भी साक्ष्य संकलन के लिए मौके पर बुलाया गया। जांच में मृतका की पहचान ज्योति तथा उसकी छह वर्षीय बेटी के रूप में हुई। ज्योति अपने पति सुदर्शन के साथ रहती थी। ज्योति हाउस वाइफ थी। शुरुआती जांच में पुलिस को मां बेटी के शव पर किसी तरह के बाहरी घाव नजर नहीं आए। मगर शनिवार को हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। शुरूआती जांच में पुलिस का शव उसी बिल्डिंग में रहने वाले दीन दयाल (35) पर जा रहा है। वह अकाउंटेंट का काम करता है। वारदात के बाद से ही आरोपित फरार है। अंतिम बार उसी को मां बेटी के साथ देखा गया था। दीन दयाल की तलाश में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story