हनुमान जन्मोत्सव पर विभिन्न मंदिरों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए वीरेंद्र सचदेवा
नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा गुरुवार को चैत्र सुदी पूर्णिमा के अवसर पर दिल्ली के विभिन्न प्राचीन मंदिरों में आयोजित पूजा कार्यक्रमों में शामिल हुए और प्रदेश के नागरिकों को हनुमान जन्मोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा चांदनी चौक स्थित पत्थर वाला हनुमान मंदिर पहुंचे और वहां पूजा अर्चना करके दिल्ली एवं देशवासियों की खुशहाली एवं खाड़ी में चल रहा युद्ध शीघ्र रूकने की प्रार्थना की ताकि महंगाई का असर दिल्ली वालों पर ना पड़े।
वीरेंद्र सचदेवा के साथ विधायक एवं यमुनापार विकास बोर्ड अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और स्थानीय निगम पार्षद सुमन कुमार गुप्ता ने भी पत्थरवाला मंदिर में दर्शन किये और महंत गौरव शर्मा से आशीर्वाद प्राप्त किया।
साथ ही सचदेवा ने कनाॅट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन किये और महंत सुरेश शर्मा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
वीरेंद्र सचदेवा ने पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3, गीता कालोनी, कृष्णा नगर स्थित सिद्ध हनुमान मंदिरों में भी आयोजित हनुमान जन्मोत्सव कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए और एकत्र भक्तजनों को शुभकामनाएं दीं।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

