विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी में 50 लाख के विकास कार्यों का किया शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी में 50 लाख के विकास कार्यों का किया शिलान्यास


नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज रोहिणी में 50 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर बुनियादी ढांचे में स्पष्ट और ठोस बदलाव दिखना अत्यंत आवश्यक है।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि लगभग 50 लाख की लागत से किए जा रहे ये कार्य रोहिणी के सेक्टर-7 और सेक्टर-8 सहित नाहरपुर गांव में विभिन्न स्थानों पर संचालित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर आवश्यक नागरिक सेवाओं को सुदृढ़ करना है। इन परियोजनाओं में गलियों का निर्माण, पुरानी पानी की पाइपलाइन बदलना और सीवर एवं नालियों को बेहतर बनाना शामिल है ताकि लंबे समय से चली आ रही लोगों की समस्याओं का समाधान तय समय में हो सके।

उन्होंने बताया कि सेक्टर-8 में विभिन्न पॉकेट्स में नई गलियों के निर्माण कार्य प्रारंभ किए गए, जिससे आंतरिक संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी। इसके साथ ही पॉकेट बी-4 में नालियों के पुनर्निर्माण, पॉकेट ए-1 में आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) सड़कों के पुनर्विकास तथा पॉकेट ए-16 में दो नालों के भीतर जल पाइपलाइनों को बदलकर नया लगाने के कार्यो का शिलान्यास किया गया।

इसके अतिरिक्त, नाहरपुर गांव में दो स्थानों पर सीवर लाइन के नवीनीकरण कार्यों का उद्घाटन किया गया, जिससे स्वच्छता एवं जल निकासी की स्थिति में सुधार होगा। सेक्टर-7 में पॉकेट डी-12 एवं जी-22 में नालों के भीतर जल पाइपलाइनों को बदलकर नया लगाने के कार्य भी शामिल हैं, जिससे जल आपूर्ति अधिक विश्वसनीय एवं प्रभावी बनेगी।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि आधारभूत संरचना पर निरंतर ध्यान देना आवश्यक है, ताकि विकास समावेशी एवं सार्थक बना रहे। उन्होंने कहा कि मूलभूत नागरिक सुविधाओं में निरंतर निवेश न केवल जीवन स्तर को बेहतर बनाता है, बल्कि शासन के प्रति जनविश्वास को भी सुदृढ़ करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story