दिल्ली मेट्रो ने पटेल चौक स्टेशन पर 'दिल्ली रिज इंटरप्रिटेशन सेंटर' खोला

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली मेट्रो ने पटेल चौक स्टेशन पर 'दिल्ली रिज इंटरप्रिटेशन सेंटर' खोला


नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने मंगलवार को पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर 'दिल्ली रिज इंटरप्रिटेशन सेंटर' का उद्घाटन किया। इस सेंटर को दिल्ली रिज की खास पारिस्थितिकी विशेषताओं को दिखाने के लिए बनाया गया है। दिल्ली रिज को राष्ट्रीय राजधानी का ग्रीन लंग्स कहा जाता है। साथ ही इसका मकसद इसके जरूरी पर्यावरणीय गुणों के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी है। यह जानकारी डीएमआरसी के जरिए एक विज्ञप्ति में दी गई है।

इस मौके पर केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तहत 'सेंट्रल एम्पावर्ड कमिटी' के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश गोयल, दिल्ली सरकार के वन और वन्यजीव विभाग के मुख्य वन संरक्षक डॉ. पी विश्वकन्नन विशिष्ट और डीएमआरसी के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. विकास कुमार मौजूद रहे।

चंद्र प्रकाश गोयल ने कहा कि दिल्ली रिज इंटरप्रिटेशन सेंटर उन लोगों के लिए एक अहम जगह होगी जो दिल्ली रिज के इतिहास और विरासत के बारे में जानना चाहते हैं। आने वाले दिनों में रिज इलाकों में कई सकारात्मक बदलाव होंगे। यह सेंटर दिल्ली रिज के संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए एक शानदार पहल है। इसका मकसद लोगों को दिल्ली के पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में इसकी अहमियत के बारे में बताना है। यह सेंटर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और सेंट्रल एम्पावर्ड कमिटी की सिफारिशों के अनुसार बनाया गया है।

विज्ञप्ति के मुताबिक, दिल्ली रिज इंटरप्रिटेशन सेंटर मंगलवार से रविवार तक सुबह 10:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक जनता के लिए खुला रहेगा और सोमवार व सार्वजनिक छुट्टियों के दिन बंद रहेगा। जो लोग मेट्रो से यात्रा नहीं कर रहे हैं, वे पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के कस्टमर केयर से 11 रुपये का एंट्री टिकट खरीद सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story