दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने की मेगा रक्तदान शिविर की तैयारियों की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने की मेगा रक्तदान शिविर की तैयारियों की समीक्षा


दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने की मेगा रक्तदान शिविर की तैयारियों की समीक्षा


नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को दिल्ली सरकार के अलग-अलग विभागों के विभागाध्यक्षों और दिल्ली सरकार के विभिन्न अस्पतालों के एमडी/एमएस के साथ एक अहम बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर आयोजित होने वाले मेगा रक्तदान शिविर की तैयारियों की समीक्षा की गई।

इस मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन दिल्ली सरकार के दिल्ली स्टेट हेल्थ मिशन (डीएसएचएम) के द्वारा 17 सितंबर को त्यागराज स्टेडियम में किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि रक्तदान सेवा के सबसे महान कार्यों में से एक है। इस मेगा रक्तदान शिविर के माध्यम से हम दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों, अस्पतालों और नागरिकों की सामूहिक शक्ति को एक मानवीय उद्देश्य के लिए एकजुट करना चाहते हैं। इस बैठक में स्वैच्छिक रूप से रक्तदान करने वाले सभी नागरिकों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। विभागों से कहा गया है कि वे नागरिकों को रक्तदान अभियान में शामिल होने के लिए स्वैच्छिक रूप से प्रेरित और जागरूक करें और उनकी भागीदारी को सुगम बनाएं।

इस कैंप में दिल्ली सरकार के 11 अस्पतालों के ब्लड बैंक अपना-अपना सहयोग देंगे, ये सभी अस्पताल जरूरी मेडिकल टीमें, उपकरण, कोल्ड-चेन सुविधाएं और कैंप में एकत्रित किए गए ब्लड यूनिट्स की सुरक्षित आवाजाही की समुचित व्यवस्था को सुनिश्चित करेंगे। इस बैठक में दिल्ली पुलिस, होम गार्ड्स और सिविल डिफेंस, एमसीडी, एनडीएमसी, डीटीसी, शिक्षा, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण और तकनीकी शिक्षा, दिल्ली फायर सर्विस, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, राजस्व विभाग, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी और अन्य संबंधित विभागों/एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ भाग लेने वाले सरकारी अस्पतालों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

पंकज कुमार सिंह ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को रजिस्ट्रेशन, स्क्रीनिंग, रक्त संग्रह, मेडिकल सहायता, सुरक्षा, एंबुलेंस सेवाएं, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी सुविधाओं के संबंध में सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सभी नागरिक सुविधाजनक और सुरक्षित तरीके से रक्तदान शिविर में भाग ले सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story